17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान के जरिये भाजपा यूपी विधानसभा चुनाव के प्रबंधन को जमीन पर उतारेगी। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में कोर कमेटी की बैठक में इसकी रणनीति बनाई गई। बैठक में सेवा संकल्प अभियान, विधान परिषद की 11 सीटों पर चुनाव की तैयारी, पार्टी संगठन के गठन का काम जल्द पूरा करने पर विचार विमर्श किया गया। राष्ट्रीय महामंत्री संगठन ने सरकार और संगठन के बेहतर समन्वय से सेवा संकल्प अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने पर जोर दिया। एक महीने चलने वाले इस अभियान के जरिए युवाओं के साथ ही महिलाओं, बुजुर्गों और हर लाभार्थी तक पहुंचने का लक्ष्य रखा।
स्कूल-कॉलेजों में प्रतियोगिताओं के जरिए अधिकाधिक युवाओं तक पहुंचना है। उन्हें लोगों के जीवन में आए बदलाव, देश में हुए सकारात्मक कार्यों और वैश्विक छवि में आए परिवर्तन के बारे में बताना है। उन्होंने सर्वाधिक जोर इन सभी कार्यक्रमों के सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर प्रभावी ढंग से प्रचार-प्रसार पर दिया। वहीं सीएम ने अभियान को लेकर सरकार के स्तर पर की गई तैयारियों पर चर्चा की। जबकि प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने सांगठनिक स्तर पर की गई तैयारी को साझा किया। पार्टी के मोर्चा-प्रकोष्ठों को जल्द गठित करने को कहा गया। राष्ट्रीय महामंत्री संगठन ने गठन के बाद संगठन की योजनानुसार प्रवास पर जोर दिया। वहीं नवंबर में प्रस्तावित 11 विधान परिषद सीटों की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। पार्टी इनमें से पांच प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। नवंबर में राज्यसभा की 10 सीटें भी रिक्त हो रही हैं।
बैठक में यूपी प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, उपमुख्यमंत्री द्वय केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक शामिल हुए।
