लखनऊ : 19 अगस्त, 2026 I उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केन्द्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज नई दिल्ली में आयोजित उत्तर प्रदेश-जापान इन्वेस्टमेन्ट मीट-2026 में सम्मिलित हुए। उत्तर प्रदेश और जापान के बीच निवेश, तकनीक, नवाचार, विनिर्माण, कौशल विकास एवं औद्योगिक सहयोग को नई गति प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश को जापानी उद्योगों के लिए दीर्घकालिक निवेश एवं औद्योगिक साझेदारी के प्रमुख केन्द्र के रूप में विकसित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
कार्यक्रम में एस्कॉर्ट्स कुबोटा लि0 तथा स्पार्क मिण्डा कॉरपोरेशन लि0 की परियोजनाओं की वर्चुअल ग्राउण्ड ब्रेकिंग की गयी। एस्कॉर्ट्स कुबोटा लि0 द्वारा ट्रैक्टर एवं निर्माण उपकरणों के निर्माण के लिए यीडा के सेक्टर-10 में परियोजना स्थापित की जा रही है, जिससे लगभग 3,800 से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने की सम्भावना है। स्पार्क मिण्डा कॉरपोरेशन लि0 द्वारा यीडा में दो बड़े विनिर्माण प्रोजेक्ट स्थापित किए जा रहे हैं, जिनमें कुल 10,166 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है तथा लगभग 6,440 रोजगार के अवसर सृजित होंगे। हम भारत की सबसे बड़ी आबादी के राज्य उत्तर प्रदेश और जापान के यामानाशी प्रीफेक्चर के मध्य साझेदारी को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से यहां पर एकत्रित हुए हैं। यह पार्टनरशिप ट्रस्ट, टेक्नोलॉजी, कल्चर, इन्वेस्टमेन्ट और शेयर्ड विजन के स्ट्रॉन्ग फाउण्डेशन पर निर्मित है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि भारत और जापान का सम्बन्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विश्वास पर आधारित हैं, जिसमें भगवान बुद्ध की करुणा, जीवन का अनुशासन व मध्य मार्ग तथा दोनों देशों के साझा मूल्य हैं। भारत-जापान की साझेदारी शेयर्ड ग्रोथ, शेयर्ड टेक्नोलॉजी एण्ड शेयर्ड प्रोस्पेरिटी की साझेदारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन, स्पष्ट नीति, साफ नीयत और दृढ़ संकल्प के साथ निरन्तर सुधार करते हुए उत्तर प्रदेश आज भारत की टॉप-थ्री इकोनॉमी में सम्मिलित होते हुए भारत के विकास का ग्रोथ इंजन बना है। विगत 09 वर्षों में हमने सेफ्टी, स्टेबिलिटी एण्ड स्पीड के साथ उत्तर प्रदेश के बजट को, उत्तर प्रदेश की जी0एस0डी0पी0 को, उत्तर प्रदेश की पर कैपिटा इनकम को तीन गुना करने में सफलता प्राप्त की है। इस दौरान उत्तर प्रदेश में वीमेन वर्क फोर्स की भागीदारी तीन गुना से अधिक हुई है। 01 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनने की दिशा में हम मजबूती के साथ आगे बढ़े हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश के पास इन्फ्रास्ट्रक्चर, लॉजिस्टिक्स, इण्डस्ट्रियल कॉस्ट एण्ड गुड गवर्नेंस का एडवांटेज है। मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स एवं इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सेमीकण्डक्टर ईकोसिस्टम, डाटा सेन्टर इन्फ्रास्ट्रक्चर का निरन्तर विस्तार किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश में देश के कुल एक्सप्रेस-वे का 60 प्रतिशत हिस्सा, 17 एयरपोर्ट, भारत का सबसे बड़ा रेल नेटवर्क, सात सिटी में मेट्रो नेटवर्क, भारत का पहला रैपिड रेल, भारत का पहला इनलैण्ड वाटर-वे, 02 डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, लॉजिस्टिक हब के साथ आज ग्लोबल स्टैण्डर्ड एवं सीमलेस कनेक्टिविटी का लाभ प्रदान कर रहा है। वाराणसी में भारत का पहला अर्बन पब्लिक ट्रान्सपोर्ट रोप-वे विकसित हो रहा है।
भारत और जापान का सम्बन्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विश्वास पर आधारित, जिसमें भगवान बुद्ध की करुणा, जीवन का अनुशासन व मध्य मार्ग तथा दोनों देशों के साझा मूल्य : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

उ.प्र. के मुख्यमंत्री, केन्द्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री तथा केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री नई दिल्ली में आयोजित उ0प्र0-जापान इन्वेस्टमेन्ट मीट-2026 में सम्मिलित हुए, एस्कॉर्ट्स कुबोटा लि. तथा स्पार्क मिण्डा कॉरपोरेशन लि. की परियोजनाओं की वर्चुअल ग्राउण्ड ब्रेकिंग सम्पन्न,