परीक्षाओं की नई तारीखें और छात्रावास नियमों में बदलाव
संस्थान के एक वरिष्ठ अधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 26 और 27 सितंबर को होने वाली मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। अब ये परीक्षाएं आगामी 10 और 11 अक्टूबर को आयोजित की जाएंगी। इस घटना के बाद आईआईटी प्रशासन छात्रावासों में छात्रों की आवासीय व्यवस्था में भी बड़े बदलाव करने पर विचार कर रहा है। सुरक्षा और मानसिक सहयोग के लिहाज से, प्रशासन अब उन कमरों में दो-दो छात्रों को एक साथ रखने की योजना बना रहा है, जो पहले केवल एकल (एक छात्र के लिए) आवंटित किए जाते थे।
चैट जीपीटी विवाद और संस्थान की माफी
इससे पहले, आईआईटी बॉम्बे ने अपने आधिकारिक बयान में कहा था कि साहिल को परीक्षा के दौरान चैट जीपीटी का इस्तेमाल करते हुए नकल करते पकड़ा गया था, जिसके कुछ ही घंटों बाद उसने अपने हॉस्टल के कमरे में आत्महत्या कर ली। इस संवेदनशील मामले की जांच पूरी होने से पहले दिए गए इस बयान पर चौतरफा आलोचना झेलने के बाद संस्थान ने खेद व्यक्त करते हुए माफी मांगी हैI.
परिजनों की भूख हड़ताल और राहुल गांधी का समर्थन
इस बीच, न्याय की मांग को लेकर साहिल के माता-पिता ने गुरुवार से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है । उनका आरोप है कि साहिल को संस्थान में प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने साहिल के माता-पिता से फोन पर बात कर सांत्वना दी। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और अपने बेटे के लिए न्याय की इस लड़ाई में हरसंभव मदद करने का पूरा भरोसा दिया है। पुलिस और प्रशासन द्वारा मामले की गहन जांच जारी है।
