उत्तर प्रदेश सरकार का अगले 6 महीनों में 1 लाख सरकारी नौकरियां देने के लक्ष्य का भर्ती अभियान कल 19 सितंबर से शुरू I इस कुल 1 लाख नौकरियों में से सबसे बड़ा हिस्सा यानी 77,000 पद अकेले उत्तर प्रदेश पुलिस और होम गार्ड विभाग के अंतर्गत भरे जाएंगे। इस अभियान के तहत अन्य विभागों में भी प्रक्रिया शुरू हो गई है। जैसे हाल ही में Civil Defence विभाग के लिए भी 191 पदों (जैसे असिस्टेंट डिप्टी कंट्रोलर, स्टेनोग्राफर, जूनियर असिस्टेंट आदि) पर भर्ती प्रक्रिया को हरी झंडी दी गई है। सरकार का प्लान है कि आगामी 6 महीनों के दौरान हर हफ्ते चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र बांटे जाएं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार साढ़े नौ वर्षों में अब तक का रोजगार रिकॉर्ड :
गोरखपुर और लखनऊ में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में उनकी सरकार अब तक 9.5 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुकी है। इस नए अभियान के पूरा होने के बाद राज्य में सरकारी नौकरियों का यह आंकड़ा करीब 10.5 लाख तक पहुंच जाएगा। हाल ही में सरकार ने 3,446 कृषि तकनीकी सहायकों और 126 मंडी सचिवों को भी नियुक्ति पत्र सौंपे हैं।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने पूर्व की समाजवादी पार्टी सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि 2017 से पहले जब भी कोई सरकारी भर्ती निकलती थी, तो "सैफई सिंडिकेट" वसूली और सौदेबाजी के लिए निकल पड़ता था, जिससे योग्य युवाओं का भविष्य खराब होता था। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान भाजपा सरकार में भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है और पिछले कुछ वर्षों में हुई नियुक्तियों को किसी भी कानूनी मोर्चे पर चुनौती नहीं मिली है।
